निर्वाचन आयोग एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में शतायु मतदाताओं का किया सम्मान
भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल)। अंतरराष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर निर्वाचन विभाग ने लोकतंत्र के उन वरिष्ठ प्रहरी मतदाताओं के सम्मान में विशेष पहल की, जिन्होंने उम्र की शतकीय पारी पूरी कर ली है। निर्वाचन आयोग एवं जिला निर्वाचन अधिकारी के निर्देश पर जिले के सभी सात विधानसभा क्षेत्रों में 100 वर्ष व अधिक आयु के शतायु मतदाताओं का उनके घर पहुंचकर सम्मान किया गया। संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी (एसडीओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण पदाधिकारी (तहसीलदार/नायब तहसीलदार) एवं बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) ने शतायु मतदाताओं के घर पहुंचकर उन्हें माला एवं शॉल पहनाई। साथ ही मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान जयपुर के हस्ताक्षर से जारी प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान अधिकारियों ने शतायु मतदाताओं को अंतरराष्ट्रीय वरिष्ठजन दिवस की शुभकामनाएं देते हुए उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की। अधिकारियों ने लोकतंत्र को मजबूत करने में उनके निरंतर मतदान एवं सहभागिता के योगदान के लिए आभार भी व्यक्त किया।
Social Plugin