Image 1
Image 2
Image 3
Image 4

अक्षय सेवा संस्था का अनूठा संकल्प, वृद्धजनों के स्वास्थ्य के लिए हर माह हो रहा स्वास्थ्य परीक्षण

 

 

ओम शांति वृद्धा आश्रम में लगाया पांचवां मेडिकल हेल्थ चेकअप कैंप, 38 वृद्धजनों की बीपी और शुगर सहित की स्वास्थ्य जांच

 

 

 भीलवाड़ा (पंकज पोरवाल) अक्षय सेवा संस्था के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ओम शांति वृद्धा आश्रम में निवासरत वृद्धजनों के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण का संकल्प लिया गया था। इसी कड़ी में शुक्रवार को आश्रम परिसर में संस्था की ओर से पांचवां मेडिकल हेल्थ चेकअप शिविर आयोजित किया गया। संस्था द्वारा पिछले पांच माह से प्रत्येक माह के तीसरे शुक्रवार को यह स्वास्थ्य जांच शिविर निरंतर लगाया जा रहा है। संस्था के फाउंडर एवं अध्यक्ष पवन नागौरी ने बताया कि शिविर में आश्रम में निवासरत वृद्धजनों का नियमित मेडिकल चेकअप करने के साथ बीपी एवं शुगर की जांच की जाती है। आरवीआरएस मेडिकल कॉलेज के सहायक आचार्य एवं संस्था सदस्य डॉ. ऋषि टेलर द्वारा वृद्धजनों की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया जाता है। संस्था के मुख्य संरक्षक चंद्र देव आर्य ने बताया कि वर्तमान में ओम शांति वृद्धा आश्रम में कुल 38 वृद्धजन निवासरत हैं। संस्था परिवार द्वारा सभी वृद्धजनों के स्वास्थ्य का हर माह नियमित रूप से परीक्षण कराया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य वृद्धजनों के स्वास्थ्य पर लगातार नजर बनाए रखना और आवश्यकता पड़ने पर समय पर चिकित्सकीय सलाह उपलब्ध कराना है। महिला प्रकोष्ठ अध्यक्षा लीला शर्मा ने बताया कि अक्षय सेवा संस्था द्वारा पिछले पांच वर्षों से विभिन्न जनहित एवं सेवा कार्य किए जा रहे हैं। संस्था की ओर से प्रतिवर्ष फरवरी माह में विशाल नेत्र लेंस प्रत्यारोपण शिविर आयोजित किया जाता है। वहीं प्रचंड गर्मी के दौरान अप्रैल से जुलाई तक महात्मा गांधी अस्पताल में कतार में खड़े मरीजों एवं उनके परिजनों को लोटे-गिलास से घूम-घूमकर पानी पिलाने की सेवा भी की जाती है। इसके अलावा जन्मजात विकृति क्लब फुट से पीड़ित बच्चों को निःशुल्क क्लब फुट शू उपलब्ध कराने सहित विभिन्न सेवा कार्य संस्था द्वारा किए जा रहे हैं। मेडिकल हेल्थ चेकअप कैंप के आयोजन में संस्था के वरिष्ठ सदस्य राधेश्याम पत्रिया, वीरेंद्र शर्मा, ओम शांति वृद्धा आश्रम के रामस्वरूप डाड एवं आश्रम स्टाफ का सहयोग रहा। संस्था पदाधिकारियों ने बताया कि वृद्धजनों की सेवा एवं स्वास्थ्य देखभाल से जुड़े ऐसे कार्य आगे भी निरंतर जारी रखे जाएंगे।                              

 

Uploaded Image Uploaded Image Uploaded Image